स्वास्थ्य को सुदृढ़ रखने मैदानी खेल अावश्यक- विधायक डा. नरोटे
2026-01-24 18:58:47
गड़चिरोली में शुरू हुई अप्पर-डिप्पर की क्रिकेट प्रतियोगिता
आपस में भिड़ेंगी 4 टीमें
ब्यूरो। गड़चिरोली.
आज की बदलती जीवनशैली में स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कसरत समय की आवश्यकता हो गयी है। कसरत के साथ क्रिकेट जैसे मैदानी खेल मनुष्य को निरोगी बनाए रखने में काफी महत्वपूर्ण माने गये है। गड़चिरोली के अप्पर-डिप्पर ग्रुप के माध्यम से हर वर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर सभी क्षेत्र के व्यक्तियों को स्थान दिया जा रहा है। आयोजकों की यह प्रतियोगिता सराहनीय होकर स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए क्रिकेट जैसे मैदानी खेल आवश्यक है। इस आशय के विचार गड़चिरोली के विधायक डा. मिलिंद नरोटे ने व्यक्त किये।
शनिवार, 24 जनवरी से शहर के शिवाजी महाविद्यालय से सटे मारलीवार मैदान में अप्पर-डिप्पर क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में वे बतौर उद्घाटक के रूप में बोल रहें थे। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता गड़चिरोली की नगराध्यक्षा एड. प्रणोती निंबोरकर ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में नगर परिषद के उपाध्यक्ष निखिल चरडे, अबूझमाड शिक्षा मंडल के सचिव समशेर खान पठान, पुलिस दक्षता पथक के डीवाईएसपी सुनिल महाडीक, प्रेस क्लब के अध्यक्ष मिलिंद उमरे, सामाजिक कार्यकर्ता बलराम सोमनानी, सिटी हॉस्पीटल के संचालक डा. यशवंत दुर्गे, आईफार्म के संचालक राजेश इटनकर, पार्षद सागर निंबोरकर, पार्षद रवि मेश्राम, प्रमोद पिपरे, निखील मंडलवार, भाजपा के जेष्ठ नेता रमेश भुरसे, पूर्व पार्षद अविनाश वरगंटीवार आदि प्रमुखता से उपस्थित थे।
अप्पर-डिप्पर ग्रुप की ओर से हर वर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसके पूर्व प्रतियोगिता में शामिल टीमों के नाम पर्यावरण के संबंधित रखे जाते थे। इस वर्ष छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रमुख किलों पर टीमों को नाम दिया गया है। सिंहगड लायन्स के टीम मालिक निखिल मंडलावार होकर प्रतापगढ़ पँथर्स के मालिक अनुराग पिपरे है। शिवनेरी वॉरियर्स के मालिक बलराम सोमनानी होकर रामगढ़ राॅयल्स के मालिक डा. यशवंत दुर्गे है। प्रतियोगिता का उद्घाटन होते ही सभी चारों टीमों के मालिक, कप्तान और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल होकर आगामी 1 फरवरी को प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा। विजेता टीम को आकर्षक ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटनीय कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने मार्गदर्शन में अप्पर-डिप्पर ग्रुप के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम की प्रस्तावना ग्रुप के अध्यक्ष रूपराज वाकोडे ने रखी। संचालन शिक्षक रमन गागापुरवार ने किया और उपस्थितों का आभार नीतेश खडसे ने माना।
