वरद फेरो अलॉयज के लौह प्रकल्प से उद्योग क्रांति, रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध होंगे
2026-02-18 19:18:30
गडचिरोली.
चामोर्शी तहसील के मुधोली चक क्षेत्र में वरद फेरो अलॉयज कंपनी द्वारा स्पंज आयरन प्लांट एवं अन्य प्रस्तावित लौह परियोजनाओं के संदर्भ में मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय में पर्यावरण विषयक जनसुनवाई आयोजित की गई। इस जनसुनवाई में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भ्ूमि अधिग्रहण का उचित मुआवजा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गये तो जिले में यकिनन औद्योगिक क्रांति के साथ रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद व्यक्त की है।
वरद फेरो अलॉयज कंपनी ने मुधोली चक 2 में खसरा नंबर 1 से 8, 66 से 76, और 143 से 148 के बीच स्पंज आयरन प्लांट, इंडक्शन फर्नेस, रोलिंग मिल, फोर्जिंग, पिक्लिंग, ब्राइट बार, इंगोट कास्टिंग, कैप्टिव पावर प्लांट और सबमर्स्ड आर्क फर्नेस की स्थापना का प्रस्ताव रखा है। इस परियोजना के लिए कुल 78.91 हेक्टेयर भूमि एमआईडीसी से अधिसूचित की जानी है। मंगलवार को इसी संदर्भ में पर्यावरण विषयक जनसुनवाई आयोजित की गई थी। इस कारखाने में लगभग 1200 से 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा और परियोजना की कुल लागत 2500 करोड़ रुपये है। कंपनी का मुख्य उद्देश्य स्टील उत्पादन, रिफाइनिंग, कास्टिंग, बिलेट प्लास्टर, लंबी उत्पादक रोलिंग मिलों के लिए ग्राहक की मांग के अनुसार पिक्लिंग और ब्राइट बार की फिनिशिंग प्रक्रिया करना है।
क्षेत्र में लगभग 10 किमी दूर चपराला वन्यजीव अभयारण्य बफर ज़ोन स्थित है और कंपनी द्वारा जैव विविधता संरक्षण के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही कंपनी द्वारा आसपास के गांवों में पेयजल, कृषि सहायता, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, सड़क मरम्मत, निर्माण और आजीविका से जुड़ी सुविधाएं प्रदान करने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा। कच्चे माल की हैंडलिंग, क्रशिंग, स्क्रीनिंग और स्टोरेज से निकलने वाले उत्सर्जन के कारण धूल या प्रदूषण न फैले, दृश्यता कम न हो और श्रमिकों व आसपास के समुदाय के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े इसके लिए भी विशेष सावधानी बरती जाएगी।
मुधोली चक और गणपुर क्षेत्र के नागरिकों ने जनसुनवाई में अपनी पारंपरिक जीविका भूमि के उचित मुआवजे और प्रत्येक परिवार के सदस्य को रोजगार व जीविका के साधन मिलने की मांग की। नागरिकों का कहना था कि यदि ऐसा हुआ तो क्षेत्र का आर्थिक विकास सुनिश्चित होगा। कंपनी के सुचारू नियोजन और प्रबंधन के कारण प्रदूषण या पर्यावरणीय खतरा उत्पन्न नहीं होगा, ऐसा भी ग्रामवासियों ने कहा।
स्थानीयों को रोजगार और उपलब्ध भूमि पर परियोजना : योगेश मंदानी
कंपनी के निदेशक योगेश मंदानी ने बताया कि, कंपनी द्वारा क्षेत्र की कुछ भूमि खरीदी जा चुकी है और उपलब्ध भूमि पर परियोजना का निर्माण अगले छह महीनों में शुरू किया जाएगा। क्षेत्र के कुशल और अकुशल नागरिकों को कंपनी में रोजगार दिया जाएगा। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए वरद फेरो अलॉयज कंपनी ने लॉयड्स मेटल्स कंपनी के साथ मिलकर उद्योग स्थापित करने का निर्णय लिया है। जिन नागरिकों को उचित मुआवजा और रोजगार की गारंटी दी जाएगी, वे अपनी भूमि देने के लिए तैयार हैं। आने वाले समय में उन्हें विश्वास में लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ऐसा योगेश मंदानी ने कहा।
